मध्य प्रदेशसिंगरौली

बैगा समाज संघ ने थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

सिंगरौली। बैगा समाज संघ मध्यप्रदेश ने थाना बरगवां प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। संघ द्वारा कलेक्टर तथा एसपी आफिस में सौंपे गए ज्ञापन में आदिवासी युवक विष्णु बैगा हत्याकांड में पुलिस पर अनियमितता बरतने का आरोप लगाया गया है।

ज्ञापन में थाना प्रभारी समीर खान पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने पीड़ित पक्ष को न्याय से वंचित करने का प्रयास किया। संघ का कहना है कि पुलिस द्वारा पीड़ित परिवार पर झूठे आरोप लगाए गए तथा आरोपी पक्ष के विरुद्ध बयान देने से रोकने के लिए दबाव बनाया गया। घटना के दौरान मौजूद गवाह अशोक बैगा को कथित रूप से करीब 24 घंटे तक थाने में बैठाकर आरोपी पक्ष के अनुसार बयान दिलवाने का आरोप भी लगाया गया है।
संघ ने आरोप लगाया कि घटना स्थल का सीसीटीवी फुटेज तत्काल फॉर्मेट करवा दिया गया, जिससे महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट हो गए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि थाना प्रभारी द्वारा कथित रूप से मामले को पैसों के लेन-देन से समाप्त करने की बात कही गई, जिसे समाज ने गंभीर और निंदनीय बताया है।

संघ का कहना है कि आरोपी पक्ष के लोग कथित रूप से पुलिस संरक्षण में पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे समाज में भय का माहौल बना हुआ है। संघ ने प्रशासन से चार प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें थाना प्रभारी को तत्काल हटाना, मामले की निष्पक्ष जांच वरिष्ठ अधिकारी से कराना, मृतक परिवार को सुरक्षा व न्याय दिलाना तथा साक्ष्य नष्ट करने एवं झूठा प्रकरण बनाने के आरोप में संबंधित अधिकारी पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई शामिल है।

ज्ञापन प्राप्त करते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही जांच समिति गठित कर एसडीओपी गौरव पांडे को जांच के लिए भेजा जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान प्रदेश सचिव मुन्नीलाल बैगा, पूर्व जिला अध्यक्ष आम आदमी पार्टी प्रसाद साकेत, अनिल कुमार बैगा, पानमती बैगा, प्रभात बैगा, राजलाल, अशोक बैगा सहित परिजन और समाज के कई लोग मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button