खुटार चौकी क्षेत्र में मारपीट का वीडियो वायरल, पीड़ित ने एसपी व कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

सिंगरौली। जिले के बैढ़न थाना अंतर्गत खुटार चौकी क्षेत्र में 15 फरवरी को हुई मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आक्रोशित होकर वह जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ित तुलसीदास पटेल ने बताया कि 15 फरवरी की सुबह करीब 11:40 बजे गांव के ही कुछ लोग उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी बेटी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पर उसके साथ भी मारपीट की गई, जिसमें उसे और उसकी बेटी को चोटें आईं। घटना के बाद खुटार चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई तथा मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों द्वारा फोन पर जान से मारने और बेटी को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जा रही हैं। उसकी नाबालिग बेटी अकेले स्कूल आती-जाती है, जिससे पूरा परिवार भय और दहशत में है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।
इस मामले में नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने फोन पर बताया कि पीड़ित से मुलाकात कर ली गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित खुटार चौकी पुलिस को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा पूरे मामले की जांच कर जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













