ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

भूकंप आपदा से बचाव को लेकर सीएम राइज उत्कृष्ट विद्यालय वैढ़न में एनडीआरएफ का मॉक ड्रिल

सिंगरौली- जिले में भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सीएम राइज उत्कृष्ट विद्यालय वैढ़न में एनडीआरएफ की इलेवन्थ बटालियन द्वारा आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपदा से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को भूकंप आने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियां, सुरक्षित स्थानों की पहचान, घबराहट से बचते हुए धैर्य एवं संयम बनाए रखने तथा रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया। टीम ने कहा कि आपदा के समय सही निर्णय और समय पर की गई कार्रवाई से जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

एनडीआरएफ के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित मॉक ड्रिल के माध्यम से वास्तविक परिस्थितियों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान तीन मंजिला इमारत में भूकंप आने की काल्पनिक स्थिति बनाकर बताया गया कि रेस्क्यू टीम किस प्रकार घायल एवं फंसे लोगों तक पहुंचती है, दीवारों को सुरक्षित तरीके से काटकर बचाव कार्य करती है तथा घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराती है।

इसके साथ ही छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स एवं आपदा मित्रों को सीपीआर (CPR) सहित प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और विद्यार्थियों को आपदा के समय आत्मरक्षा एवं बचाव के लिए तैयार करना है। आगामी चरण में इसी प्रकार का प्रशिक्षण सीधी जिले में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर कमांडेंट द्वारा सीएम राइज विद्यालय के प्राचार्य को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य पी.एन. दुबे ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत-वंदन करते हुए आभार व्यक्त किया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में एसडीएम सिंगरौली सुदेश जाधव, होमगार्ड कमांडेंट एल.वी. कोल, इलेवन्थ बटालियन वाराणसी के डिप्टी कमांडेंट कुलदीप सिंह, इंस्पेक्टर प्रवीण उपाध्याय, एसआई प्रहलाद सिंह, सोनपाल, प्राचार्य पी.एन. दुबे, पीसी योगेन्द्र बहादुर सिंह सहित होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स, वन विभाग, पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button