माड़ी जलाशय में दिखा मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

सिंगरौली- जिले के देवसर क्षेत्र अंतर्गत स्थित माड़ी जलाशय में सोमवार को एक विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। जलाशय के समीप मौजूद ग्रामीणों ने पानी में तेज हलचल के बीच मगरमच्छ को स्पष्ट रूप से देखा। देखते ही देखते यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिससे लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मगरमच्छ काफी बड़ा था और कुछ समय तक पानी की सतह पर नजर आया। जलाशय पर रोजमर्रा के कार्यों से आने-जाने वाले ग्रामीण अब आशंकित हैं। कई लोगों ने सुरक्षा की दृष्टि से जलाशय के पास न जाने की अपील भी की है।
माड़ी जलाशय परियोजना जल संसाधन विभाग, देवसर, जिला सिंगरौली (म.प्र.) के अंतर्गत संचालित है। ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग एवं वन विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने, मगरमच्छ की मौजूदगी की पुष्टि करने तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसी अप्रिय घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।













