मध्य प्रदेशसिंगरौली

खुटार में राजमाता चून कुमारी स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सम्पन्न

सिंगरौली। जिले के खुटार में आयोजित राजमाता चून कुमारी स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार को उत्साह और खेल भावना के माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की गई, जिसके बाद फाइनल मैच का शुभारंभ हुआ।

टूर्नामेंट में झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की लगभग आधा दर्जन टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में रॉयल स्पोर्टिंग क्लब छत्तीसगढ़ (भटगांव), सिटी स्पोर्टिंग क्लब बनारस, भभुआ बिहार फुटबॉल क्लब, धनबाद फुटबॉल क्लब सहित अन्य टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला रॉयल स्पोर्टिंग क्लब छत्तीसगढ़ और फुटबॉल क्लब झारखंड के बीच खेला गया, जिसमें छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मैच को देखने के लिए सिंगरौली सहित उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार से हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचे। पूरे मैच के दौरान दर्शकों के उत्साह और तालियों से मैदान गूंजता रहा।

समापन अवसर पर विजेता टीम रॉयल स्पोर्टिंग क्लब छत्तीसगढ़ को 21 हजार रुपये नगद पुरस्कार एवं उपविजेता फुटबॉल क्लब झारखंड को 15 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता के सचिव दुजेन्द्र पांडे, कोषाध्यक्ष सुशील सोनी तथा राजेन्द्र प्रसाद पटेल सहित आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष राजकुमार दुबे ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और बड़े स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने की बात कही।

कार्यक्रम में ये रहे शामिल :

मुख्य अतिथि भूनेश्वर प्रताप सिंह ‘राजा बाबा’, विशिष्ट अतिथि उदित नारायण सिंह एवं रविन्द्र पाठक, पूर्व विधायक सुभाष रामचरित्र वर्मा एवं कार्यक्रम अध्यक्षा श्रीमती सविता पनिका तथा मंच संचालन अध्यक्ष राजकुमार दुबे द्वारा किया गया। इसके अलावा अन्य जनप्रतिनिधि एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button