सुनार नदी में गिरी कार, महिला लापता — रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दमोह। जिले के मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर छतरपुर स्टेट हाईवे पर स्थित नरसिंहगढ़ क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। चैनपुरा पुल के पास सुनार नदी में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में कार चालक किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि उसकी पत्नी लापता हो गई है। पुलिस और रेस्क्यू टीम महिला की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, कल्याणपुरा निवासी सुनील उर्फ अनिल अहिरवार (32 वर्ष) अपनी पत्नी सपना अहिरवार के साथ बटियागढ़ क्षेत्र के ईमला वाले हनुमान मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान चैनपुरा पुल शुरू होने से पहले उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नदी में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार नदी में गिरते ही चालक सुनील किसी तरह बाहर निकलने में सफल हो गए और कार की छत पर चढ़ गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया और तत्काल मदद करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, कार में सवार उनकी पत्नी सपना को बचाया नहीं जा सका और कार कुछ ही मिनटों में नदी की गहराई में समा गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी एवं गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। सुनील के पिता ने बताया कि मंगलवार होने के कारण उनका बेटा और बहू मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि सुनील नरसिंहगढ़ में ऑटो पार्ट्स की दुकान संचालित करता है तथा उसकी दो बेटियां हैं, जो घटना के समय घर पर दादी के पास थीं।
एच.आर. पांडेय ने बताया कि क्रेन और रेस्क्यू टीम की मदद से नदी में डूबी कार को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है तथा लापता महिला की तलाश जारी है। घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है।













