बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

चलते झूले पर मधुमक्खियों का हमला, तीन बच्चे गंभीर — मेले में मची अफरा-तफरी

 

नागदा। शहर के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित शिवरात्रि मेले में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार से चल रहे झूले पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को नागदा के सरकारी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झूला पूरी रफ्तार में चल रहा था, तभी अचानक मधुमक्खियों ने झूले में बैठे लोगों पर हमला कर दिया। हमले के बाद झूले में बैठे लोग चीखने-चिल्लाने लगे। खुद को बचाने के लिए कई लोग सीटों पर झुक गए और कपड़ों से चेहरा ढंकने लगे, वहीं कुछ लोग चलते झूले से कूदने का प्रयास करते नजर आए।

 

झूला रुकने तक लोग झेलते रहे डंक

 

स्थिति इतनी भयावह हो गई कि कई लोगों ने ऊंचाई से ही नीचे उतरने की कोशिश की। झूला संचालक ने तुरंत झूला रोक दिया, लेकिन तब तक ऊंचाई पर फंसे लोग मधुमक्खियों के डंक झेलते रहे। नीचे उतारने के बाद कई लोगों के शरीर पर दर्जनों डंक के निशान पाए गए।

 

एक ही परिवार के तीन बच्चे घायल

 

घायलों की पहचान उमेश (13), नैतिक (13) और शिवनारायण (15) के रूप में हुई है। तीनों बनबाना गांव के निवासी हैं और एक ही परिवार से संबंधित बताए जा रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार एक बच्चे की आंख में डंक लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।

 

मधुमक्खियां अचानक कहां से आईं, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के बाद मेले में दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन और मेला समिति ने सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button