बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

सागर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत; 15 से अधिक घायल

बरमान घाट से लौट रहे थे ग्रामीण, नीम घाटी के पास हुआ हादसा; गंभीर घायलों को सागर रेफर करने की तैयारी

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में रविवार को देवरी क्षेत्र के गौरझामर थाना अंतर्गत नीम घाटी के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं। घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को सागर मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांदरी के पास स्थित ग्राम गड़ौला गोसाई के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से नर्मदा तट बरमान घाट दर्शन करने गए थे। रविवार को दर्शन के बाद सभी गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नीम घाटी के मोड़ या ढलान के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए, जबकि कुछ सड़क पर दूर जा गिरे।

तीन मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतक और घायल सभी ग्राम गड़ौला गोसाई के निवासी हैं। घटना की खबर गांव पहुंचते ही शोक का माहौल बन गया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और गौरझामर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के बाद घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। खबर के अनुसार, एक घायल की हालत अत्यंत नाजुक है और करीब 10 गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या वाहन में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। गौरझामर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button