नगर निगम आयुक्त ने की निर्माण कार्यो की समीक्षा
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व समय-सीमा पर सख्ती , स्मार्ट गार्डन हेतु डीपीआर तैयार करने के निर्देश

सिंगरौली ; नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने आज विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों को कार्यों की गति बढ़ाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमानक एवं लापरवाहीपूर्ण कार्यों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा सभी प्रगतिरत कार्यों की दैनिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।
बैठक में सीवर लाइन निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि आमजन को असुविधा न हो। क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने तथा निर्माण स्थल पर आवश्यक सूचना पट्ट (साइन बोर्ड) लगाने को कहा गया। संबंधित संविदाकार को प्रतिदिन न्यूनतम 300 सीवर कनेक्शन सुनिश्चित करने तथा कार्य को पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त श्रीमती प्रधान ने कहा कि शहर की स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
उन्होंने कचरा संग्रहण वाहनों की समयबद्ध वार्डवार उपस्थिति सुनिश्चित करने, नालों-नालियों की नियमित सफाई एवं कीटनाशक छिड़काव कराने के निर्देश दिए, जिससे मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम हो सके। प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।नागरिक सहभागिता बढ़ाने हेतु स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाने तथा विद्यालय-महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर में एक सर्वसुविधायुक्त स्मार्ट गार्डन विकसित करने हेतु विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (क्च्त्) शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रस्तावित गार्डन में बच्चों, बुजुर्गों एवं सभी आयु वर्ग के नागरिकों के लिए सुविधाएं जैसे योग,गेमिंग, फूड कॉर्नर, वाई-फाई एवं म्यूजिक जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।इसके अतिरिक्त समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति, सीएम हेल्पलाइन तथा “संकल्प से समाधान” अभियान की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, उपायुक्त वित्त अनुपम द्विवेदी, सहायक आयुक्त एच.एम. श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













