ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

11 महीने बाद हुई नगर निगम परिषद की बैठक चढ़ी हंगामे की भेंट, शुक्रवार तक के लिए स्थगित

सिंगरौली। नगर निगम परिषद की बैठक गुरुवार को 11 महीने बाद आयोजित हुई, लेकिन बैठक शुरू होते ही हंगामे की स्थिति बन गई। तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप के बीच कुछ ही घंटों में बैठक को शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
बैठक के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कुल 25 पार्षदों ने परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बहिष्कार कर सदन से बाहर जाने का फैसला किया। स्थिति को देखते हुए नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे ने कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा की।

कार्यप्रणाली पर सवाल, मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोप
कांग्रेस पार्षद अनिल कुमार ने परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक मनमाने ढंग से चलाई जा रही है और प्रस्तावों को बिना सहमति के जोड़ा या घटाया जा रहा है। उनका कहना था कि शहर के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा नहीं हो रही है। पार्षदों ने नगर निगम अधिकारियों पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
आरोपों के बाद अधिकांश पार्षद सदन से बाहर चले गए। कांग्रेस पार्षद राजेश सिंह ने महापौर रानी अग्रवाल पर नियमों की अनदेखी और मनमानी करने का आरोप लगाया। वहीं शेखर सिंह ने कहा कि परिषद में समय बर्बाद हो रहा है और वास्तविक विकास कार्यों पर कोई गंभीर चर्चा नहीं हो रही है।

तीखी बहस के बाद बैठक स्थगित
महापौर रानी अग्रवाल ने परिषद में प्रस्तुत होने वाले प्रस्तावों को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्हें प्रस्ताव जोड़ने और घटाने का अधिकार है। इस मुद्दे पर कुछ देर तक तीखी बहस होती रही। बाद में नगर निगम अध्यक्ष और अधिकारियों ने नगर पालिका निगम अधिनियम का हवाला देकर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया।
हालांकि, पूरे घटनाक्रम के बीच शहर के विकास से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा नहीं हो सकी। हंगामे और बहिष्कार के चलते परिषद की बैठक को शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इस घटनाक्रम से नागरिकों में निराशा का माहौल देखा जा रहा है।

नगर पालिक निगम सिंगरौली परिषद बैठक में नव-निर्वाचित पार्षद ने ली शपथ
आज नगर पालिक निगम सिंगरौली की परिषद बैठक सभागार में आयोजित की गई, जिसमें वार्ड क्रमांक 34 से उपचुनाव में निर्वाचित पार्षद विजय कुमार शाहू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
जिलाधिकारी द्वारा अधिकृत उपखंड अधिकारी सिंगरौली ने उन्हें विधिवत शपथ ग्रहण कराई। शपथ ग्रहण के साथ ही विजय कुमार शाहू ने परिषद की कार्यवाही में भाग लिया।बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में नगर विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की गई। नव-निर्वाचित पार्षद को परिषद सदस्यों ने शुभकामनाएं दीं और वार्ड के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

Author

Related Articles

Back to top button