सिंगरौली में बदला मौसम: सरई में ओलावृष्टि, बैढ़न में धूलभरी आंधी
कई गांवों में जमी ओलों की मोटी परत, रबी फसल को नुकसान की आशंका

सिंगरौली। जिले में सोमवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह जहां तेज धूप और उमस बनी हुई थी, वहीं दोपहर बाद काले बादलों की आवाजाही के साथ कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई।
जिले के सरई क्षेत्र अंतर्गत जोबा, मझौली, पाथा सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों में तेज ओलावृष्टि हुई। कई स्थानों पर जमीन पर ओलों की मोटी परत जम गई। ग्रामीणों द्वारा बनाए गए वीडियो में ओलावृष्टि की तीव्रता साफ देखी गई। अचानक बदले मौसम से ग्रामीण इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
वहीं जिला मुख्यालय बैढ़न क्षेत्र में दोपहर करीब 3 बजे के बाद धूलभरी तेज आंधी शुरू हो गई। तेज हवाओं के कारण सड़कों पर धूल का गुबार छा गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा और लोग घरों व दुकानों में रुकने को मजबूर हो गए।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से सिंगरौली सहित पूर्वी मध्यप्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बनी। विभाग ने इस प्रकार के मौसम को लेकर पहले ही अलर्ट जारी किया था।
अचानक हुई ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है। रबी सीजन की तैयार खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं हुआ है, लेकिन राजस्व अमला प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।













