ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में 18 माह की बच्ची का शव मिलने से सनसनी

नेवारी गांव के खेत में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

सिंगरौली। जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवारी गांव में 18 माह की मासूम बच्ची का शव गेहूं के खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बच्ची का शव उसके घर से लगभग एक किलोमीटर दूर खेत में पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान प्रियंशु पनिका के रूप में हुई है, जो संतोष पनिका की पुत्री थी। बताया जा रहा है कि प्रियंशु रविवार सुबह करीब 8 बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर गढ़वा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

सोमवार सुबह सूचना मिली कि गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर गेहूं के खेत में बच्ची का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एसडीओपी राहुल सैयाम ने बताया कि बच्ची के शरीर पर फिलहाल कोई गंभीर या प्राणघातक चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, नाक के पास खून के निशान पाए गए हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button