शराब पीकर वाहन चलाने वाले 9 चालकों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई
5 ट्रक और 4 कार जब्त, प्रकरण न्यायालय में पेश होगा

सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना यातायात पुलिस द्वारा 22-23 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि औचक चेकिंग अभियान चलाया गया।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से शहर के निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा एवं पुराना ट्रैफिक तिराहा पर विशेष जांच की गई। अभियान के दौरान अलग-अलग टीमों द्वारा कुल 53 वाहनों की जांच की गई और चालकों को समझाइश दी गई कि शराब या अन्य मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने से मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है तथा वाहन पर नियंत्रण नहीं रह पाता, जिससे दुर्घटनाएं घटित होती हैं।

चेकिंग के दौरान 5 ट्रक एवं 4 कार सहित कुल 9 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। सभी वाहनों को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि वर्ष 2025 में भी शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया गया, जिससे पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है।
लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
माननीय न्यायालय के आदेशानुसार संबंधित वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस 6 माह के लिए निलंबित कराए जाने हेतु प्रस्ताव जिला परिवहन कार्यालय को भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी यातायात सहित उपनिरीक्षक सवालिया रावत, सुरेश शुक्ला, आरक्षक प्रवेश, आरक्षक जितेंद्र, आरक्षक योगेंद्र एवं अन्य यातायात पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।













