ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नौकरी से निकाले जाने से आक्रोशित मजदूर हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, आत्महत्या की दी धमकी

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत खरखटा गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मजदूर हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने लगा। मजदूर का आरोप है कि उसे नौकरी से निकाल दिया गया है और उसकी मजदूरी व पीएफ की राशि का भुगतान भी नहीं किया गया।

जानकारी के अनुसार विजय कुमार पनिका नामक मजदूर भारत सरकार की मिनी रत्न कंपनी एनसीएल के ब्लॉक-बी में एबी क्लाउड कंपनी के तहत कार्यरत था। विजय का कहना है कि कंपनी ने उसे अचानक नौकरी से बाहर कर दिया और उसकी मजदूरी तथा पीएफ की राशि का भुगतान भी रोक दिया। इसी से आक्रोशित होकर वह मंगलवार सुबह टावर पर चढ़ गया।

बताया जा रहा है कि विजय सुबह से ही टावर पर चढ़ा हुआ है और नीचे उतरने से इंकार कर रहा है। उसने टावर से एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें वह अपने गांव का नक्शा दिखाते हुए कह रहा है कि वह अंतिम बार अपने गांव को देख रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और युवक को समझाने का प्रयास कर रही है। संबंधित कंपनी के अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
गौरतलब है कि सिंगरौली जिले में हाल के दिनों में हाईटेंशन टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन की घटनाएं बढ़ी हैं। बीते एक माह में यह चौथी ऐसी घटना बताई जा रही है। इससे पहले सरई क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला भी टावर पर चढ़ गई थी, जिसे करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतारा गया था।फिलहाल प्रशासन की टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है।

Author

Related Articles

Back to top button