ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना पर वसूली के आरोप, पात्र हितग्राहियों से मांगे जा रहे पैसे

सिंगरौली। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को लेकर जिले के सरई तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत निगरी में गंभीर आरोप सामने आए हैं। यहां संचालित इंडेन गैस एजेंसी पर उज्ज्वला योजना के पात्र हितग्राहियों से गैस कनेक्शन के नाम पर राशि वसूलने का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन मिलना चाहिए, लेकिन लाभार्थियों से लगभग एक हजार रुपये तक लिए जा रहे हैं। सावित्री साकेत नामक हितग्राही ने आरोप लगाया कि उन्होंने दिसंबर माह में आवेदन किया था, उस समय उनसे पांच सौ रुपये केवाईसी के नाम पर और पांच सौ रुपये गैस कनेक्शन के नाम पर लिए गए। उनका कहना है कि स्पष्ट तौर पर कहा गया कि पैसा देने पर ही गैस मिलेगी।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कई पात्र महिलाएं पिछले एक-दो वर्षों से गैस कनेक्शन के लिए भटक रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें लाभ नहीं मिल सका है। इससे योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठ रहे हैं।

घटिया गुणवत्ता के चूल्हे का आरोप

कुछ हितग्राहियों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले की तुलना में अब कम गुणवत्ता वाले गैस चूल्हे वितरित किए जा रहे हैं, जो अधिक समय तक नहीं चलते। महिलाओं का कहना है कि योजना के नाम पर उन्हें निम्न स्तर की सामग्री दी जा रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी व कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो योजना की साख पर असर पड़ेगा।

Author

Related Articles

Back to top button