अवैध शराब का फरार आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में अवैध शराब के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद वारसी के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार 27 जनवरी को की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से लगभग 76 लीटर अवैध विदेशी एवं देशी शराब तथा अवैध बियर जब्त की गई थी। जब्त शराब की कीमत हजारों रुपये आंकी गई थी। साथ ही अपराध में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
मामले के खुलासे के बाद से आरोपी फरार था। लगातार तलाश और दबिश के बाद पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार जायसवाल (27 वर्ष), निवासी बरगवां को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।













