आमो गांव में चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

सिंगरौली। जिले के जियावान थाना क्षेत्र अंतर्गत आमो गांव में बुधवार देर रात चोरी की घटना सामने आई। एक घर में घुसे चोर को मकान मालिक ने रंगे हाथों पकड़ लिया। बाद में ग्रामीणों ने आरोपी को खंभे से बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। गुरुवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित गृहस्वामी राम रती केवट ने बताया कि देर रात उनके घर और किराने की दुकान से कुछ आहट सुनाई दी, जिससे उनकी नींद खुल गई। बाहर निकलकर देखने पर कुछ लोग दुकान के अंदर घुसे दिखाई दिए। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिससे गांव के अन्य लोग और उनका बेटा मौके पर पहुंच गए।
भगदड़ के दौरान राम रती केवट और उनके बेटे ने भाग रहे एक आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम लवकुश बताया। वह घर की बहू के बैग से एक सोने का लॉकेट तथा किराने की दुकान से कुछ सामान चुराकर भागने की कोशिश कर रहा था।
राम रती केवट के अनुसार, उनकी दुकान में यह चौथी चोरी की घटना है। इससे पहले भी तीन बार चोरी हो चुकी है। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को खंभे से बांधकर जियावान थाना पुलिस को सूचना दी।
जियावान थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी को थाने लाया गया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













