बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जमीन विवाद में आमने-सामने आए रिश्तेदार, लोहे के औजार लेकर पहुंचे दोनों पक्ष, पुलिस ने संभाला मोर्चा

सिंगरौली। जिले के तिनगुड़ी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कुकरांव गांव में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मौके पर हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस के अनुसार, विवाद गजेंद्र गुप्ता और संजय गुप्ता के परिवारों के बीच चल रही पुश्तैनी जमीन को लेकर है। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर लंबे समय से मतभेद चला आ रहा है।
बताया गया है कि बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग लोहे के औजार लेकर आमने-सामने आ गए, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाल लिया।

तिनगुड़ी चौकी प्रभारी अमन वर्मा ने बताया कि घटना में किसी भी पक्ष को गंभीर चोट नहीं आई है। दोनों पक्षों ने चौकी पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है तथा एहतियात के तौर पर पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।

Author

Related Articles

Back to top button