प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी: घर में घुसकर एक ही परिवार के तीन लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर मारा

प्रयागराज:संगम नगरी प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। मंगलवार सुबह जब घटना की जानकारी सामने आई, तो ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे हुई। मृतकों में एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने पहले धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया और बाद में भारी वस्तु से सिर पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटनास्थल पर मिले साक्ष्य इशारा करते हैं कि पीड़ित अपनी जान बचाने के लिए भागे थे, लेकिन बदमाशों ने उन्हें दौड़ाकर मार डाला। मृतकों की पहचान श्यामलाल उर्फ कल्लू, उनकी पत्नी मंजू देवी और कल्लू की भाभी के रूप में हुई है।
सुबह खुला खौफनाक हत्याकांड का राज
ग्रामीणों के अनुसार, रात में किसी को भी इस जघन्य वारदात की भनक तक नहीं लगी। मंगलवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर के अंदर का खौफनाक मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मेजा थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या के पीछे के कारणों का पता लगा रही पुलिस
फिलहाल इस तिहरे हत्याकांड के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद और संपत्ति संबंधी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर हर एंगल से जांच कर रही है। परिजनों और पड़ोसियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
इस वारदात से कुकुरकटवा गांव में दहशत और मातम का माहौल है। ग्रामीण दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।













