बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

उज्जैन के होटल में सफाई के दौरान बड़ा हादसा, दम घुटने से 4 की मौत

चैंबर की सफाई के लिए अंदर उतरे थे चार कर्मचारी, बचाने पहुंचे 2 अन्य लोगों की भी बिगड़ी तबीयत; मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता

उज्जैन। उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान दम घुटने से 4 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब सफाई के लिए एक-एक कर चार लोग चैंबर के अंदर उतरे, लेकिन बाहर नहीं निकल सके। उन्हें बचाने के लिए अंदर पहुंचे 2 अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना रात के समय हुई। होटल के ओवरग्राउंड चैंबर की सफाई के दौरान चारों कर्मचारी अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। चैंबर का गेट नहीं खुलने पर कटर मशीन की मदद से उसे काटकर रास्ता बनाया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

मृतकों की पहचान कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद, मनोज मीणा और वाहिद के रूप में हुई है। घटना के दौरान हेमराज नाम का एक अन्य सफाईकर्मी भी अंदर गया था, लेकिन घबराहट महसूस होने पर बाहर आ गया। वहीं, बचाव के लिए उतरे 2 अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ गई। रेस्क्यू के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हुआ।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button