देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कनॉट प्लेस की दुकानें जबरन बंद कराने का राहुल गांधी ने भाजपा पर लगाया आरोप

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के कनॉट प्लेस में भाजपा ने दुकानों को जबरदस्ती बंद करवा दिया। रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने महारैली में आने वाले लोगों से दिल्ली के बाजारों में खरीदारी करने की अपील की थी, लेकिन कनॉट प्लेस पहुंचने पर पता चला कि दुकानें बंद करवा दी गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इससे व्यापारियों को हो रहे नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा।

रविवार को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, फारूक अब्दुल्ला, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव सहित विपक्ष के कई नेता कनॉट प्लेस पहुंचे। इससे पहले राहुल गांधी ने लोगों से कनॉट प्लेस आने और वहां से रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने रैली में आने वालों से दिल्ली के बाजारों में खरीदारी करने का भी आग्रह किया था।

इधर, चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने महारैली के कारण दिल्ली के कारोबार पर पड़ने वाले असर को लेकर राहुल गांधी को चौथा पत्र लिखा है। सीटीआई के अनुसार, रैली के चलते करीब 2.5 लाख दुकानें बंद रहने की आशंका है। रामलीला मैदान के 10 किलोमीटर के दायरे में परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने और करीब 80 प्रतिशत कारोबार पर असर पड़ने का अनुमान जताया गया है।

इस तरह महारैली को लेकर राजनीतिक गतिविधियों के बीच दिल्ली के व्यापार पर संभावित असर का मुद्दा भी चर्चा में है। राहुल गांधी ने जहां बाजारों में खरीदारी की अपील की, वहीं सीटीआई ने व्यापारियों को होने वाले नुकसान की आशंका जताई है।

Author

Related Articles

Back to top button