देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सीटें गायब, फिर भी दौड़ रही मेमू ट्रेन, यात्रियों को खड़े होकर करना पड़ रहा सफर

 

पटना। बिहार में रेलवे की व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। दानापुर से चलने वाली आरा-पटना मेमू ट्रेन की कई बोगियों से सीटें गायब हैं, इसके बावजूद ट्रेन का संचालन जारी है। ट्रेन संख्या 63214 में सीटों की जगह लोहे का ढांचा दिखाई दे रहा है। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है।

आरा-पटना मेमू ट्रेन में नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के लिए बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। यात्रियों के मुताबिक, पहले से भीड़भाड़ वाली इस ट्रेन में कई सीटें गायब होने और कुछ सीटें टूटने से परेशानी बढ़ गई है। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, महिलाओं और लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को हो रही है। आशंका जताई जा रही है कि बोगियों से सीटें चोरी की गई हैं।

यात्रियों का कहना है कि पूरा किराया देने के बावजूद उन्हें बैठने की सुविधा नहीं मिल रही है। लगातार 2 दिनों तक ऐसी स्थिति बने रहने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

मामले में दानापुर मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार ने बोगियों में सीटों की ऐसी स्थिति को गलत बताया है। उन्होंने जांच कराने और व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि ऐसी स्थिति वाली बोगी को ट्रेन से हटाया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button