देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

एसबीआई बैंक में 30 करोड़ के सोने की लूट, बर्खास्त एसआई निकला मास्टरमाइंड, 4 गिरफ्तार

 

जलगांव। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के भोकर गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में शनिवार 31 अक्टूबर को दिनदहाड़े करीब 30 करोड़ रुपये के सोने और 15 लाख रुपये नकद की लूट हुई। हेलमेट और मास्क पहनकर पहुंचे 4 हथियारबंद बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर 16 लॉकर तोड़ दिए और करीब 27 किलो सोना लेकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात का मास्टरमाइंड महाराष्ट्र पुलिस का बर्खास्त सब-इंस्पेक्टर शंकर रमेश जासक निकला।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे बदमाश बैंक में घुसे। उन्होंने बंदूक की नोक पर बैंक मैनेजर और कैशियर को बंधक बनाया तथा विरोध करने पर मारपीट कर उन्हें कुर्सी से बांध दिया। दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने बैंक के अंदर 2 राउंड फायरिंग भी की। इसके बाद लॉकर रूम में घुसकर कटर से 16 लॉकर तोड़े और सोने के आभूषण व नकदी 6 बैगों में भरकर भाग निकले।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा किया। विदगांव के पास ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर अन्य 3 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटा गया सोना, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए बैग बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि बर्खास्त एसआई शंकर रमेश जासक ने जेल में रहते हुए इस लूट की साजिश रची थी। गिरफ्तार आरोपियों में अंकुश श्रावण चव्हाण, गजानन राजेंद्र पवार और अंकुश तुलशीराम चव्हाण भी शामिल हैं।

जलगांव एसपी श्रीकांत धिवरे ने कार्रवाई की पुष्टि की है। वहीं, महाराष्ट्र के मंत्री गुलाबराव पाटील ने बैंक पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button