बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

नगर निगम के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी और ठेकेदार के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू का छापा

 

जबलपुर। आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने मंगलवार सुबह नगर निगम जबलपुर के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोला राव और एक ठेकेदार के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के आधार पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त होने के बाद यह कार्रवाई की गई।

ईओडब्ल्यू अधिकारियों के अनुसार पोला राव के आवास सहित अन्य स्थानों पर तलाशी ली जा रही है। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में संपत्ति और वित्तीय दस्तावेजों की जानकारी सामने आई है।

प्रारंभिक जांच में अधिकारी के नाम पर एक फ्लैट, लगभग 10 हजार वर्गफुट का भूखंड, आंध्र प्रदेश में कृषि भूमि, चार दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों तथा नकद लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

ईओडब्ल्यू की टीम फिलहाल संपत्तियों का मूल्यांकन कर रही है। जांच एजेंसी आय के ज्ञात स्रोतों और अर्जित संपत्तियों के बीच अंतर का आकलन कर रही है। कार्रवाई के दौरान संबंधित ठेकेदार के ठिकानों पर भी दस्तावेजों की जांच जारी रही।

सूत्रों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद ईओडब्ल्यू विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी। फिलहाल छापे की कार्रवाई और दस्तावेजों की जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button