बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनसीएल में प्रतियोगिताओं और ग्राम चौपाल से दिया सत्यनिष्ठा का संदेश

 

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में केंद्रीय सतर्कता आयोग, भारत सरकार के दिशा-निर्देशन में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष सप्ताह की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रखी गई है। इसका उद्देश्य कार्यस्थलों और समाज में पारदर्शिता, ईमानदारी, नैतिक मूल्यों तथा जवाबदेही को बढ़ावा देना है।

सप्ताह के दौरान एनसीएल की सभी परियोजनाओं और इकाइयों में निबंध, चित्रकला, पोस्टर, स्लोगन लेखन, भाषण और वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही ग्राम चौपाल, संवाद कार्यक्रम और जागरूकता रैलियों के माध्यम से लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इसी क्रम में एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं और इकाइयों द्वारा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल आयोजित की गईं। इनमें ग्रामीणों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के महत्व की जानकारी दी गई। एनसीएल टीम ने सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता, नागरिकों के अधिकारों और भ्रष्टाचार रोकने में आमजन की भूमिका पर भी चर्चा की।

शुक्रवार को एनसीएल मुख्यालय में ड्राइंग, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें एनसीएल कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से ईमानदारी, शुचिता और सत्यनिष्ठा का संदेश दिया। सप्ताह के आयोजनों के जरिए संस्थान में पारदर्शी और जवाबदेह कार्यसंस्कृति को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button