डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती

सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के तत्वावधान में शनिवार को डीबीए सभागार में देश के प्रथम गृह मंत्री, राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिवक्ताओं ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके महान व्यक्तित्व एवं राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान का स्मरण किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व महामंत्री एवं डीजीसी रामजियावान सिंह यादव ने की। इस अवसर पर वक्ताओं ने सरदार पटेल के अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने अपनी कुशल राजनीतिक सूझबूझ एवं दृढ़ संकल्प से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव को मजबूत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के ऐसे प्रतीक थे, जिनका संपूर्ण जीवन देशहित और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता आज भी देशवासियों को प्रेरणा प्रदान करते हैं।
पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। यही लौह पुरुष के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव एडवोकेट ने किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिवक्ताओं ने सरदार पटेल के आदर्शों एवं सिद्धांतों पर चलने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रदीप कुमार मौर्य, प्रेम प्रताप विश्वकर्मा, राजेश कुमार यादव, पंकज यादव, राजकुमार सिंह, सुरेश सिंह, रियाज खान, संतोष यादव, कामता प्रसाद यादव, संगीता, सुमन एडवोकेट, अनूप शुक्ला, आकृति निर्भया, बीपी सिंह, चतुर्भुज शर्मा, सुदेश कुमार, हरिद्वार, रामगुल्ली यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।













