देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कोलकाता में 5.5 तीव्रता का भूकंप, दोपहर में हिले मकान; सिक्किम में भी लगातार झटके

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे भीषण भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंपीय आंकड़ों के अनुसार स्वतंत्र एजेंसी ईएमएससी ने प्रारंभिक तीव्रता 5.5 बताई है। एजेंसी के मुताबिक भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के खुलना से लगभग 26 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था। झटका भारतीय मानक समय के अनुसार दोपहर 1:22:30 बजे दर्ज किया गया।

भारत-बांग्लादेश सीमा के निकट होने के कारण कोलकाता और आसपास के इलाकों में कंपन स्पष्ट रूप से महसूस किया गया। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी बड़े नुकसान या हताहत की पुष्टि नहीं हुई है। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि छत के पंखे हिलने लगे, फर्नीचर कांपने लगा और खिड़कियां खड़खड़ाने लगीं। बहुमंजिला इमारतों में झटके अधिक तेज महसूस किए गए। शहर के कई हिस्सों में लोग घबराकर घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।

इधर सिक्किम में भी गुरुवार देर रात से शुक्रवार तड़के तक लगातार भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार सुबह करीब 4:10 बजे 3.7 तीव्रता का उथला भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी गहराई लगभग 5 किलोमीटर थी। पश्चिम सिक्किम सहित कई क्षेत्रों में झटकों से दहशत का माहौल रहा। फिलहाल दोनों राज्यों में प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

Author

Related Articles

Back to top button