टी-20 विश्व कप में हाईटेक सट्टे पर जबलपुर पुलिस का वार, ‘खत्री ब्रदर्स’ सिंडिकेट से जुड़े दो गुर्गे गिरफ्तार

जबलपुर। टी-20 विश्व कप के दौरान सट्टेबाजी पर शिकंजा कसते हुए जबलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रांझी थाना क्षेत्र में कुख्यात सटोरिया दिलीप और संजय खत्री उर्फ ‘खत्री ब्रदर्स’ के सिंडिकेट से जुड़े दो सक्रिय गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनमोल उर्फ बीसू पटारिया और कृष्णा नामदेव के रूप में हुई है। दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर की गई।
लग्जरी कार में चल रहा था सट्टा
पुलिस को सूचना मिली थी कि मेमोरी तिराहा स्थित सामुदायिक भवन के पास एक डार्क ब्लू लग्जरी कार (एमपी 20 जेडजी 0030) में बैठकर युवक मोबाइल के जरिए टी-20 मैचों पर दांव लगवा रहे हैं। सीएसपी सतीश साहू और टीआई उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से 20 हजार रुपये नकद, चार महंगे मोबाइल फोन और सट्टे में प्रयुक्त कार जब्त की गई।
‘मास्टर आईडी’ से चल रहा था खेल
जांच में आरोपियों के मोबाइल में ‘क्रिकेट गुरू’ और ‘थर्ड आई’ जैसे प्रतिबंधित ऐप्स सक्रिय मिले, जिन पर श्रीलंका-न्यूजीलैंड मैच के लाइव भाव दिख रहे थे। पूछताछ में अनमोल ने खुलासा किया कि वह ‘बेट फॉर विन’ की मास्टर आईडी खत्री ब्रदर्स से लेकर एजेंटों को आईडी-पासवर्ड बांटता था और बड़े पैमाने पर सट्टा संचालित करता था।
पुलिस ने धारा 4(क) सट्टा एक्ट और धारा 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।













