एनसीएल क्वार्टर में महिला की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका से हड़कंप
निगाही क्षेत्र के एमक्यू-433 आवास में फांसी पर मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

सिंगरौली। Northern Coalfields Limited (एनसीएल) के निगाही क्षेत्र स्थित एमक्यू-433 क्वार्टर में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका दसौती क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित क्वार्टर एक ठेकेदार संदीप को आवंटित बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि घटनास्थल पर शराब की बोतलें और सिगरेट भी पाई गईं, जिससे संदेह और गहरा गया है। कुछ स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिला की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।घटना के बाद एनसीएल कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था और क्वार्टर आवंटन प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।













