मध्य प्रदेशसिंगरौली

शासकीय कन्या महाविद्यालय वैढ़न में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन

“खेल: सशक्तिकरण एवं रोजगार का माध्यम” विषय पर हुई व्यापक चर्चा

सिंगरौली। शासकीय कन्या महाविद्यालय वैढ़न में 27 एवं 28 फरवरी 2026 को दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। “खेल: सशक्तिकरण एवं रोजगार का माध्यम” विषय पर आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य खेलों के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाना और रोजगार के नए अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर आमंत्रित प्रोफेसरों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विशेषज्ञों का मीडिया द्वारा स्वागत करते हुए बैज लगाकर अभिनंदन किया गया। कार्यशाला का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे प्रतिभागियों और उपस्थित जनों ने उत्साहपूर्वक देखा।

ओलंपिक मूल्यों, योग और महिला सहभागिता पर विशेष जोर
कार्यशाला में ओलंपिक मूल्यों, योग तथा महिला सहभागिता के माध्यम से सामाजिक बाधाओं को दूर करने पर विशेष चर्चा की गई। विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञों, खेल प्रशिक्षकों और शिक्षाविदों ने छात्राओं को खेलों के महत्व, बेहतर स्वास्थ्य, आत्मविश्वास विकास और खेल क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि खेलकूद के माध्यम से बालिकाएं न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनती हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता भी विकसित होती है। खेल गतिविधियां उन्हें सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसरों की ओर भी प्रेरित करती हैं।

सैकड़ों छात्राओं की रही सहभागिता
कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं एवं नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यशाला के दौरान यह संदेश दिया गया कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य, आत्मनिर्भरता और सशक्त समाज निर्माण का सशक्त माध्यम है।

Author

Related Articles

Back to top button