बड़ी खबरमध्य प्रदेशसिंगरौली

सड़क नहीं तो रिश्ते नहीं: सुहिरा अमिलिया पंचायत में दर्जनों शादियां टूटीं

3.5 किमी सड़क के लिए 2 करोड़ मंजूर, ठेकेदार ने दूसरी जगह बना दी सड़क; जंगल में निर्माण पर जेसीबी जब्त

सिंगरौली- विकास के दावों के बीच एक ग्राम पंचायत आज भी पक्की सड़क को तरस रही है। मामला ग्राम पंचायत सुहिरा अमिलिया के गोदरी खोली मोहल्ला का है, जहां सड़क न होने की वजह से दर्जनों बच्चों की शादियां तक टूट चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाहरी गांवों से जब लोग रिश्ता लेकर आते हैं और कीचड़ व दुर्गम रास्ता देखते हैं तो साफ इनकार कर देते हैं।

स्वीकृति यहां, निर्माण कहीं और
जानकारी के अनुसार गोदरी खोली मोहल्ला से 3.5 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत हुई थी। टेंडर भी हुआ, लेकिन आरोप है कि ठेकेदार विपिन सिंह ने निर्धारित स्थल पर सड़क बनाने के बजाय उसी पंचायत में दूसरी जगह निर्माण करा दिया। जिस स्थान का सेशन हुआ था, वहां आज भी कच्चा और उबड़-खाबड़ रास्ता है।

जंगल में सड़क, फॉरेस्ट ने जब्त की जेसीबी
बताया जा रहा है कि जहां निर्माण कराया गया, वह वन भूमि निकली। इस पर वन विभाग ने ठेकेदार की जेसीबी मशीन जब्त कर ली थी। इसके बावजूद मूल स्थान पर निर्माण शुरू नहीं हो सका।

बरसात में ‘मौत का रास्ता’
बरसात के दिनों में हालात और बदतर हो जाते हैं। गर्भवती महिलाओं को खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है क्योंकि एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ग्रामीणों का दावा है कि समय पर इलाज न मिलने से कई लोगों की जान भी जा चुकी है।

जांच के आदेश, प्रशासन कटघरे में
पीडब्ल्यूडी के ईई एसबी सिंह कर्चुली ने बताया कि कलेक्ट्रेट में शिकायत मिली है और एसडीईओ को जांच के आदेश दिए गए हैं। गड़बड़ी पाए जाने पर ठेकेदार पर कार्रवाई की बात कही गई है। हालांकि सवाल यही है—जब सेशन तय था तो सड़क दूसरी जगह क्यों बनी? अब प्रशासन और संबंधित अधिकारी भी ग्रामीणों के निशाने पर हैं।

Author

Related Articles

Back to top button