सिंगरौली में सीजन का पहला घना कोहरा, 10 मीटर तक सिमटी दृश्यता

सिंगरौली जिले में रविवार सुबह इस मौसम का पहला घना कोहरा देखने को मिला। सुबह करीब 9 बजे तक शहर और आसपास के क्षेत्रों में कोहरे का असर बना रहा, जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। शहर की तुलना में ग्रामीण इलाकों में कोहरा अधिक घना रहा, जहां दृश्यता घटकर लगभग 10 मीटर तक सिमट गई। इसके चलते सुबह के समय यातायात की रफ्तार धीमी रही और लोग सतर्कता के साथ सफर करते नजर आए।
पिछले एक सप्ताह से जिले के तापमान में लगभग स्थिरता बनी हुई है। शनिवार रात न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ठंड का अहसास बढ़ गया है। रात और सुबह के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है, हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, नमी और ठंडी हवाओं के कारण आने वाले कुछ दिनों तक सुबह और देर रात कोहरा छाए रहने की संभावना है। साथ ही न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं, फॉग लाइट का उपयोग करें और अनावश्यक यात्रा से बचें। खासतौर पर हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।













