जबलपुर में सेंट्रल जीएसटी की बड़ी कार्रवाई
होटल व्यवसायी और मशीनरी फर्मों पर एंटी-इवेजन टीम की छापेमारी, 40 लाख रुपये टैक्स सरेंडर की चर्चा

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में प्रतिष्ठित होटल व्यवसायियों और मशीनरी फर्मों पर सेंट्रल जीएसटी की एंटी-इवेजन टीम द्वारा की गई छापेमारी से व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है। शनिवार से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान जांच के शुरुआती घंटों में ही संबंधित कारोबारियों द्वारा लगभग 40 लाख रुपये टैक्स सरेंडर किए जाने की चर्चा है। हालांकि विभाग ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कई ठिकानों पर एक साथ दबिश
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई की जद में चंडोक मशीनरीज तथा तिलवारा रोड स्थित होटल शान अलीजे के संचालक नितिन चंडोक और राजेश चंडोक आए हैं। टीम ने अधारताल इंडस्ट्रियल स्टेट स्थित फैक्ट्री, करमचंद चौक के पास मुख्य कार्यालय और सिविल लाइंस क्षेत्र में भी दस्तावेजों की गहन जांच की। देर रात तक चली इस कार्रवाई से शहर के व्यापारिक हलकों में चर्चाएं तेज रहीं।
इवेंट बिलिंग में हेरफेर का संदेह
जांच एजेंसी को आशंका है कि होटल में आयोजित शादियों व बड़े आयोजनों की बिलिंग में गड़बड़ी की गई। आरोप है कि आधिकारिक बिलों में कम राशि दर्शाई जाती थी, जबकि शेष भुगतान नकद लिया जाता था। इस कथित ‘कैश मॉडल’ के जरिए जीएसटी चोरी की संभावना जताई जा रही है।
डिजिटल साक्ष्य जब्त
जीएसटी टीम ने कंप्यूटर हार्ड डिस्क, बिल-बुक, रिटर्न फाइलें, ई-वे बिल और बैंक लेनदेन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। अब इनका मिलान बैंक स्टेटमेंट और वास्तविक कारोबार से किया जाएगा। आने वाले दिनों में फॉरेंसिक जांच भी संभव है।













