यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: डबल डेकर बस ने ईको वैन को मारी टक्कर, 6 की मौत
7 घायल; 4 बच्चे शामिल, आगरा में इलाज जारी

लखनऊ/हाथरस। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 141 के पास एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार 13 लोगों में से 6 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
दिल्ली से धौलपुर जा रहे थे यात्री
पुलिस के अनुसार, वैन में सवार सभी लोग दिल्ली के प्रेम नगर से राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा जा रहे थे। हादसा सादाबाद थाना क्षेत्र के हरिया गढ़ी गांव के पास सुबह करीब 4:15 से 4:20 बजे के बीच हुआ।
अपर पुलिस अधीक्षक राम आनंद कुशवाहा ने बताया कि ट्रैवल पॉइंट कंपनी की डबल डेकर बस नोएडा से गोरखपुर की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको वैन का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और वाहन सड़क से करीब 10 फीट दूर जा गिरा।
मृतकों और घायलों की पहचान
मृतकों की पहचान दिनेश (50), सुनीता (48), विजय बघेल (27), पिंकी बघेल (26), लोकेश (35) और नत्थू देवी (65) के रूप में हुई है। सभी धौलपुर जिले के निवासी थे।
घायलों में चार बच्चे—आर्यन, अंशु, लक्ष्य और प्राची—सहित तीन अन्य वयस्क शामिल हैं। सभी को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज और स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दो बच्चों की हालत खतरे से बाहर है।
कुछ देर बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरातफरी मच गई और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारु किया गया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।












