बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

कटनी–बरही मार्ग पर भीषण हादसा: पिकअप की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत

शोक कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार, महिला गंभीर; चालक फरार

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिला में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा बड़वारा थाना क्षेत्र के कटनी–बरही मार्ग पर सुड्डी ग्राम मोड़ के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार माधवनगर थाना क्षेत्र के भानपुर निवासी शिव सिंह (55) अपने पुत्र मनोज सिंह (35) और बहू चंदा बाई के साथ बरही के सुखदास ग्राम से शोक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। रात करीब 9 बजे कटनी की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर पास के खेत में जा घुसी।

हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉक्टरों ने शिव सिंह और मनोज सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल चंदा बाई को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

Author

Related Articles

Back to top button