चलती ट्रेन के वॉशरूम में जज की पत्नी की मौत, साइलेंट अटैक की आशंका

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में चलती ट्रेन में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कांचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17606) में यात्रा कर रही एक जज की पत्नी की वॉशरूम के अंदर मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला को साइलेंट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ जोधपुर से निंबाहेड़ा जा रहे थे। दोनों पति-पत्नी ट्रेन के अलग-अलग कोच में सफर कर रहे थे। निंबाहेड़ा पहुंचने से पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं।
जब ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो जज राजकुमार चौहान ट्रेन से उतर गए, लेकिन उनकी पत्नी बाहर नहीं आईं। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उन्हें चिंता हुई और उन्होंने इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने ट्रेन को मंदसौर में रुकवाया, लेकिन वहां वॉशरूम का दरवाजा नहीं खुल सका। इसके बाद रतलाम जिले के जावरा अनुभाग में ट्रेन को रुकवाकर पुलिस ने वॉशरूम का दरवाजा तोड़ा। अंदर उषा चौहान अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं।
उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक प्रथम दृष्टया साइलेंट हार्ट अटैक से मौत होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।













