बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल–रामगंज मंडी रेल लाइन 2026 तक तैयार, एमपी को मिलेगी बड़ी सौगात

भोपाल। मध्यप्रदेश के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित भोपाल–रामगंज मंडी नई रेल लाइन परियोजना तेजी से अंतिम चरण में पहुंच गई है। वर्ष 2026 के अंत तक इसके पूरा होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के दूरदराज और पहाड़ी इलाकों में पहली बार रेल सेवा शुरू होगी और राजस्थान से सीधा संपर्क स्थापित होगा।

हाल ही में कोटा मंडल के अंतर्गत खिलचीपुर–राजगढ़ सिटी (17.8 किमी) रेलखंड पर रेल संरक्षा आयुक्त ने विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल किया गया, जिसे जल्द यात्री सेवा शुरू होने का संकेत माना जा रहा है।

करीब 276 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में अब तक 187 किलोमीटर कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 89 किलोमीटर निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पहली बार रेल नक्शे पर आएंगे कई स्टेशन
इस रेल लाइन के जरिए पिपलहेड़ा, सोनकच्छ, नरसिंहगढ़, कुरावर, श्यामपुर और दुराहा जैसे कई क्षेत्र पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ेंगे। अब तक इन इलाकों के लोग सड़क मार्ग पर निर्भर थे, लेकिन ट्रेन सेवा शुरू होने से भोपाल और राजस्थान तक पहुंच आसान हो जाएगी।

समय और दूरी दोनों में कमी
नई लाइन शुरू होने के बाद भोपाल–कोटा के बीच लगभग 100 किलोमीटर दूरी कम होगी और यात्रियों का 2 से 3 घंटे समय बचेगा।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना से न केवल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि रोजगार, व्यापार और शिक्षा के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

Author

Related Articles

Back to top button