महुआगांव पंचायत का सफाई अभियान, बाजार क्षेत्र को कराया अतिक्रमण मुक्त

सिंगरौली। जिले के जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत महुआगांव में बाजार क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। पंचायत द्वारा यह कार्रवाई लगातार लग रहे जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए की गई।
जानकारी के अनुसार, महुआगांव के मुख्य बाजार मार्ग पर कई दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे सीढ़ियां बनाकर और दुकानें बढ़ाकर अतिक्रमण कर लिया गया था। इसके कारण आवागमन बाधित हो रहा था और आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी। साथ ही ठेला संचालकों द्वारा सड़क पर दुकान लगाने से समस्या और बढ़ रही थी।
इस स्थिति को देखते हुए पंचायत सचिव उमेश कुमार द्विवेदी ने ग्रामवासियों और व्यापारियों से चर्चा के बाद सफाई एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण हटाए गए और दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में सड़क पर सामान न रखें।
पंचायत द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े न किए जाएं, अन्यथा दुर्घटना होने पर संबंधित व्यक्ति जिम्मेदार होगा। इस अभियान में सरपंच, उपसरपंच, जनपद सदस्य, रोजगार सहायक सहित कई ग्रामीणजन मौजूद रहे।
इस पहल से बाजार क्षेत्र में आवागमन सुगम हुआ है और स्थानीय लोगों ने पंचायत के इस प्रयास की सराहना की है।













