रजमिलान महाविद्यालय में अनूठी पहल: पक्षियों के लिए रखे सकोरे, दिया संरक्षण का संदेश

सिंगरौली। शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का प्रेरणादायी उदाहरण सामने आया है। यहां विद्यार्थियों ने गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पेड़ों के पास सकोरे रखकर उनमें पानी और दाना भरने की व्यवस्था की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिसर के विभिन्न स्थानों पर पेड़ों के नीचे सकोरे रखे गए, जिनमें नियमित रूप से स्वच्छ जल और अनाज भरा जा रहा है, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर प्राचार्य ने विद्यार्थियों को प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि मानव जीवन के साथ-साथ अन्य जीवों की सुरक्षा भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे कार्यों में निरंतर भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने भी संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से इन सकोरों में पानी और दाना भरते रहेंगे। इस पहल से न केवल पक्षियों को राहत मिलेगी, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा का संदेश भी प्रसारित होगा।
महाविद्यालय परिवार की इस सराहनीय पहल की स्थानीय स्तर पर प्रशंसा की जा रही है और इसे प्रकृति संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।













