तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से बाइक सवार घायल, खाई में गिरा वाहन

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बरका चौकी के गजरहिया गांव में तेज रफ्तार ऑटो और बाइक की टक्कर से सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद भागने के प्रयास में ऑटो चालक वाहन सहित करीब 500 मीटर दूर खाई में गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, तभी उसने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गए। इसके बाद चालक मौके से भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर नियंत्रण खो बैठा और ऑटो खाई में जा गिरा।
इस हादसे में बाइक सवार आनंद गुप्ता (निवासी गन्नई) और उनके साथ बैठा 10 वर्षीय बच्चा घायल हो गए। दोनों को मामूली चोटें आई हैं। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बड़का चौकी प्रभारी नृपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ऑटो को जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।













