चलती बाइक में लगी भीषण आग, कूदकर बची सवारों की जान

सिंगरौली। जिले के बैढ़न क्षेत्र में कप्तान मोबाइल के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती पल्सर मोटरसाइकिल में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के दौरान बाइक सवार और पीछे बैठा व्यक्ति समय रहते कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक चलते-चलते अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और किसी तरह आग पर काबू पाया।
सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग काफी हद तक बुझाई जा चुकी थी। हालांकि बाइक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।













