चेकिंग अभियान के दौरान मारपीट की घटना टली
आरटीओ विभाग की सतर्कता से ट्रक ड्राइवर सुरक्षित

सिंगरौली- चेक प्वाइंट सिंगरौली पर आरटीओ विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान एक संभावित मारपीट की घटना को समय रहते टाल दिया गया। विभाग की तत्परता और सतर्कता से एक ट्रक ड्राइवर को सुरक्षित बचाया गया, जिसकी स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना बरिगमा के आगे झुरई नाला क्षेत्र के पास की है। एक ट्रक ड्राइवर पिकअप वाहन के साथ ढाबे पर भोजन करने के बाद वहां से रवाना हुआ था। इसी दौरान ढाबा कर्मचारियों और कुछ वाहन चालकों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख ट्रक ड्राइवर वहां से आगे बढ़कर मधुबन ढाबा के आगे झुरई नाला स्थित चेक प्वाइंट पर पहुंचा, जहां आरटीओ टीम जांच कर रही थी। इसी बीच कुछ लोग उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गए और विवाद फिर से बढ़ गया, जिससे मारपीट की स्थिति बन गई।
मौके पर मौजूद आरटीओ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सूझबूझ और संयम का परिचय दिया। दोनों पक्षों के बीच समझाइश कर विवाद को शांत कराया गया और आपसी सहमति से मामला समाप्त कराया गया।परिवहन विभाग की इस त्वरित और जिम्मेदारीपूर्ण कार्रवाई को स्थानीय नागरिकों ने सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे एक बड़ी घटना टल गई।













