असनी में काल बन चुके ब्रेकर से हादसा: बाइक सवार गिरे, संगठन ने पहुंचाया अस्पताल

सिंगरौली। माड़ा थाना क्षेत्र के असनी गांव में सड़क पर बने खतरनाक और अत्यधिक ऊंचे ब्रेकर एक बार फिर हादसे की वजह बन गए। अचानक आए ऊंचे ब्रेकर से अनियंत्रित होकर एक बाइक गिर गई, जिसमें सवार युवक और एक महिला घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही क्षत्रिय कुलावंत संगठन के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। राहत की बात यह रही कि घायलों को गंभीर चोटें नहीं आईं। इस दौरान संगठन के अनुराग सिंह, विकेश सिंह, अवध सिंह और दीपक सिंह की सक्रिय भूमिका रही, जिनकी स्थानीय लोगों ने सराहना की।
पहले भी उठ चुकी है आवाज, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
संगठन ने इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि असनी से लेकर रजमिलान-माड़ा मार्ग तक कई स्थानों पर बने खतरनाक ब्रेकर लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार इस मार्ग पर 3-4 ऐसे खड़े ब्रेकर हैं जिनकी वजह से अब तक 50 से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। संगठन के उपाध्यक्ष सतेंद्र सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन ब्रेकर्स को हटाया या मानक के अनुसार दुरुस्त नहीं किया गया तो संगठन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा।
जनसेवा के साथ जागरूकता का संदेश
क्षत्रिय कुलावंत संगठन के संस्थापक अंकित सिंह ने कहा कि उनका संगठन हर परिस्थिति में जनसेवा के लिए तत्पर है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। लगातार हो रहे हादसे यह संकेत दे रहे हैं कि सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर परिणाम दे सकती है। ऐसे में आवश्यक है कि संबंधित विभाग तत्काल सर्वे कर खतरनाक ब्रेकर्स को मानक अनुरूप सुधारें, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।













