ओएचई लाइन टूटने से रेल संचालन ठप, कई घंटे बाधित रही ट्रेनों की आवाजाही

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत कटनी-सिंगरौली रेलखंड में सोमवार देर रात ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन टूटने से रेल संचालन अचानक ठप हो गया। घटना गजरा बहरा और सरईग्राम रेलवे स्टेशनों के बीच हुई, जिससे कई ट्रेनें जहां-तहां खड़ी हो गईं।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे एक मालगाड़ी डाउन लाइन से गुजर रही थी, तभी चालक दल और ट्रेन मैनेजर ने किलोमीटर 1290/21 के पास ओएचई लाइन को टूटा हुआ पाया। इसकी सूचना तत्काल नजदीकी स्टेशनों को दी गई, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर अप लाइन पर भी रेल यातायात रोक दिया गया। इस घटना से कम से कम तीन मालगाड़ियां प्रभावित हुईं।
घंटों चला सुधार कार्य
घटना के बाद रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और ओएचई लाइन के सुधार का कार्य शुरू किया गया। मरम्मत कार्य कई घंटों तक चलता रहा और मंगलवार तड़के इसे पूरा किया जा सका। इसके बाद रेल यातायात धीरे-धीरे बहाल किया गया।
जांच जारी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ओएचई लाइन के अचानक टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













