शादी के नाम पर ठगी: नकली दुल्हन गैंग का पर्दाफाश, दो महिलाएं गिरफ्तार

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम ठगता था।
मामले की शिकायत राजस्थान के डीकनिया गांव निवासी श्यामा मोंगिया ने 11 अप्रैल को दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई की शादी के लिए लड़की की तलाश के दौरान कुछ लोगों के माध्यम से इंदौर में संपर्क कराया गया, जहां एक महिला ने ज्योति जाट नाम की युवती को विवाह के लिए दिखाया। लड़की पसंद आने के बाद रिश्ता तय कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रिश्ता तय होते ही आरोपियों ने डेढ़ लाख रुपये ले लिए और दुल्हन को उज्जैन भेज दिया। आरोपियों ने आश्वासन दिया था कि वे पीछे आकर शादी की रस्में पूरी कराएंगे, लेकिन उज्जैन पहुंचते ही युवती ने शादी से इनकार कर दिया, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। पहले लड़की दिखाकर भरोसा जीतते, फिर शादी के नाम पर रकम वसूल करते और मौके पर मुकरकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस द्वारा उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी महिलाओं को रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।













