अवैध वाहन स्क्रैपिंग गिरोह पर कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में क्राइम ब्रांच और अधारताल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से वाहनों की स्क्रैपिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खजरी खिरिया क्षेत्र में एक गैराज में बिना वैध दस्तावेजों के वाहनों को काटकर स्क्रैप तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां एक वाहन (डीएल-1 एलआर 9698) में स्क्रैप लोड मिला। वहीं एक इंडिका विस्टा कार (एमपी20 सीसी 7962) आधी कटी हालत में पाई गई, जिसका इंजन बाहर निकाला जा चुका था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन वाहनों का स्क्रैप, एक आधी कटी कार, इंजन और अन्य पुर्जे जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(1), 61(2) एवं मध्यप्रदेश मोटर कराधान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी अरबाज (26) वाहनों की व्यवस्था करता था, जबकि आरिफ (37) उन्हें काटकर स्क्रैप बनाता था। दोनों मिलकर अवैध तरीके से मुनाफा कमा रहे थे।
पूछताछ में गैराज संचालक शेख आरिफ ने स्वीकार किया कि उसने कई वाहनों को बिना अनुमति काटकर स्क्रैप तैयार किया है। जब पुलिस ने वैध दस्तावेज और आरटीओ की अनुमति मांगी, तो आरोपी कोई भी कागज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे और क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।













