रायपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-डंपर की टक्कर में तीन की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना अभनपुर-राजिम मार्ग पर बजरंगपुर के पास देर रात हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक और डंपर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में मृतकों के शव वाहनों में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बजरंगपुर के पास बन रहे टोल नाका के समीप हुआ। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।













