दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन, यात्रा समय घटकर 2.5 घंटे

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय करीब 6 घंटे से घटकर लगभग 2.5 घंटे रह जाएगा, जिससे आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
यह कॉरिडोर आधुनिक तकनीक और विशेष सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है। इसमें 12 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है, जिसे एशिया के सबसे लंबे कॉरिडोर में से एक माना जा रहा है। इसका उद्देश्य वन्यजीवों और वाहनों के बीच होने वाले टकराव को कम करना है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को बैसाखी, बोहाग बिहू और पुथांडु की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश में पर्व-त्योहारों का माहौल है और जल्द ही चारधाम यात्रा भी शुरू होने वाली है, जिसका श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार करते हैं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह परियोजना राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी और इससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
वहीं, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह परियोजना रोजगार सृजन, पर्यटन को बढ़ावा देने और उत्तराखंड के आर्थिक, सामाजिक तथा औद्योगिक विकास के नए द्वार खोलने में सहायक होगी।













