देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नोएडा घटना पर अखिलेश यादव का हमला, सरकार को ठहराया जिम्मेदार

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन और हिंसा की घटना को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस घटना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।

मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर हजरतगंज चौराहे पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नोएडा की घटना सरकार की नाकामी का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को पहले से जानकारी होने के बावजूद हालात को संभालने में विफल रही।

सपा प्रमुख ने कहा कि यदि अधिकारी इस घटना को साजिश बता रहे हैं, तो इसकी जिम्मेदारी सीधे मुख्यमंत्री पर बनती है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रदेश में शासन-प्रशासन सही ढंग से काम नहीं कर रहा है।

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर संविधान के प्रति उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में बाबा साहब की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आई हैं और अब चुनाव के समय जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का संविधान देश के लिए सुरक्षा कवच है, जो सभी को समान अधिकार और न्याय दिलाने का आधार प्रदान करता है। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनकी पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button