केन-वेतवा परियोजना के विरोध में आंदोलन तेज, जल सत्याग्रह शुरू

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में केन–वेतवा लिंक परियोजना के विरोध में आदिवासियों, किसानों और ग्रामीणों का आंदोलन लगातार दसवें दिन भी जारी रहा। उचित मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने केन नदी में उतरकर जल सत्याग्रह शुरू कर दिया है, जिससे क्षेत्र में स्थिति और गंभीर हो गई है।
परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित ढोडन बांध का निर्माण कार्य पिछले दस दिनों से पूरी तरह ठप पड़ा है। निर्माण कार्य बंद रहने से संबंधित कंपनी को आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आ रही है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी अमित भटनागर ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि आदिवासी समुदाय की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है और आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कलेक्टर और एसडीएम स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंचकर सीधे संवाद करें, तो अधिकांश समस्याओं का समाधान संभव है।
आंदोलन स्थल पर महिलाएं और छोटे बच्चे भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। तेज धूप के बीच महिलाएं अपने बच्चों के साथ धरने पर बैठी हैं, जिससे हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
वहीं छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने बताया कि प्रशासन द्वारा आंदोलनकारियों से लगातार बातचीत की जा रही है और उनकी उचित मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के लिए दवा, स्वच्छ पानी और स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था भी की गई है।
फिलहाल, आंदोलन जारी है और समाधान के लिए प्रशासन एवं आंदोलनकारियों के बीच वार्ता की उम्मीद बनी हुई है।













